बुधवार, 13 जुलाई 2016

पंख !!

वो रोज एक बोझ लिये उठता ।
एक अहसास भारीपन का लिये
चलता  रहता दिन भर ।
कभी कभी तो नींद में भी
उस बोझ को ढ़ो रहा होता था।

कई बार जब मिलता  मुझसे
बोझ उठाये हुये तो कहता, 
दोस्त ! हो सके तो सम्भाल लो
इस बोझ को कुछ देर के लिये
ताकि उड़ सकूँ थोड़ा सा मैं भी 
औरों की तरह ।
रोज मना कर देता मैं। 
कहता था हल्का ही सही,
एक बोझ तो मेरे उपर भी है ।

फिर ढूंढता था उसके संग
कोई ऐसा जिसे कोई बोझ ना हो ।
कोई ऐसा नहीं मिलता
जिसपर कोई बोझ ना हो ।
हर एक शख्स थोड़ा झुका सा दिखता ।

कई दिनों तक दोस्त दिखा नहीं ।
तो पहुँच गया मैं उससे मिलने
देखा तो वो उड़ रहा था ।
मैं हैरान हो गया ।
उड़ते उड़ते उसने बताया
दोस्त वो जो बोझ था न,

दरअसल वो पंख था !! 

बुधवार, 2 मार्च 2016

रात के अँधेरे में

दिन भर अकड़ के
रहने वाला
आसमान भी
झुकता है रात के अँधेरे में
चुपके से
दूर कहीं सुनसान
समंदर के किनारे
भर लेता है
धरती को
अपने आगोश में
डालकर बादल की
एक पट्टी चाँद पर ।